कोण्डागांव

पीएम राहत योजना से 70 सडक़ दुर्घटना पीडि़तों का उपचार, कनेरा मार्ग हादसे की जांच जारी
21-Sep-2026 11:11 PM
पीएम राहत योजना से 70 सडक़ दुर्घटना पीडि़तों का उपचार, कनेरा मार्ग हादसे की जांच जारी

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 21 सितंबर। कोंडागांव जिले में सडक़ दुर्घटना पीडि़तों को त्वरित एवं कैशलेस इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मार्च 2026 से संचालित प्रधानमंत्री सडक़ दुर्घटना पीडि़तों के अस्पताल में भर्ती और सुनिश्चित इलाज की योजना (पीएम राहत ) के अंतर्गत अब तक 70 पीडि़तों को चिकित्सा सुविधा प्रदान की गई है।

कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशों के तहत डीआईओ हेमंत भगत, उप पुलिस अधीक्षक स्निग्धा सलामे, जिला परिवहन अधिकारी राजकुमार ध्रुव, सीएमएचओ डॉ. आर.के. चतुर्वेदी के मार्गदर्शन तथा यातायात निरीक्षक मुकेश जोशी व जिला रोल आउट मैनेजर त्रिदर्शी मड़ामें के नेतृत्व में योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत दुर्घटना में घायल प्रत्येक पात्र व्यक्ति को अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा दी जाती है।

 रविवार को सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कनेरा मार्ग पर हुए सडक़ हादसे में बाजारपारा निवासी प्रदीप यादव घायल हो गए। प्राथमिक उपचार हेतु घायल को जिला अस्पताल कोंडागांव पहुंचाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए पहले जगदलपुर और तत्पश्चात रायपुर रेफर किया गया।

सिटी कोतवाली पुलिस ने दुर्घटना स्थल का निरीक्षण कर प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई है तथा पीडि़त को योजना का लाभ दिलाने हेतु आवश्यक दस्तावेज व प्रक्रिया पूरी की है।


अन्य पोस्ट