कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 19 सितंबर। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा यूनिसेफ और एमसीसीआर ट्रस्ट के तकनीकी सहयोग से कोंडागांव में सिकल सेल प्रभावित हितग्राहियों के लिए सामाजिक कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सिकल सेल से पीडि़त 46 हितग्राहियों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी किए गए। ज्ञात हो कि इससे पूर्व जिले के सिकल सेल प्रभावित मरीजों को एचपीएलसी जांच और दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए कांकेर या जगदलपुर (बस्तर) जाना पड़ता था।
जिला अस्पताल कोंडागांव में एचपीएलसी मशीन स्थापित होने से अब स्थानीय स्तर पर ही इलेक्ट्रोफोरेसिस एवं मानक जांच की सुविधा उपलब्ध हो गई है।
सिकल सेल दिव्यांगता प्रमाण-पत्र हेतु जिला अस्पताल में प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को मेडिकल बोर्ड की सेवा उपलब्ध रहेगी।
शिविर के दौरान हितग्राहियों एवं उनके परिजनों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र की प्रक्रिया, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और अन्य शासकीय कल्याणकारी सुविधाओं की जानकारी प्रदान की गई।
शिविर के आयोजन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. भावना महलवार, जिला नोडल अधिकारी डॉ. भाग्यलक्ष्मी कोसमा, सिविल सर्जन डॉ. पी.एल. मंडावी, समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक ललिता लकड़ा, यूनिसेफ स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. गजेंद्र सिंह और चिरायु दल के चिकित्सा अधिकारी एवं एमसीसीआर ट्रस्ट के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।