कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 18 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में केशकाल और फरसगांव में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं। फरसगांव में नगरवासियों द्वारा करीब 13 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
केशकाल और फरसगांव में आयोजित कार्यक्रमों में केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, समर्पण और नेतृत्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है और विश्व पटल पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कोविड-19 के दौरान टीकाकरण व्यवस्था तथा प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
विधायक टेकाम ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनभावनाओं और शुभकामनाओं को दीप प्रज्ज्वलन के जरिए अभिव्यक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सेवा, समर्पण और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है। कार्यक्रम में केशकाल एवं फरसगांव क्षेत्र के स्थानीय जनप्रतिनिधि, नगर पंचायत पदाधिकारी, पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
फरसगांव में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रशांत पात्र, उपाध्यक्ष मूलचंद पाण्डे, प्रवीर सिंह बदेशा, गणेश दुग्गा, गणेश जायसवाल, एसडीएम अश्वन पुसाम, जनपद पंचायत सीईओ रूपेन्द्र नेताम, तहसीलदार अंकुर रात्रे, सीएमओ मयंक बसंतवानी, बीईओ सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।