कोण्डागांव

पुलिस का साइबर जागृति अभियान, ओपन माइक सांस्कृतिक कार्यक्रम
19-Sep-2026 9:32 AM
पुलिस का साइबर जागृति अभियान, ओपन माइक सांस्कृतिक कार्यक्रम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 18 सितंबर। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे राज्यव्यापी साइबर जागृति अभियान (15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026) के अंतर्गत थाना फरसगांव द्वारा जनपद स्कूल मैदान में ‘ओपन माइक’ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 कार्यक्रम में जिला पुलिस बल कोंडागांव के जवानों, स्थानीय कलाकारों तथा एकलव्य विद्यालय (चिचाड़ी व कोरगांव), कन्या हाई स्कूल फरसगांव और सरस्वती शिशु मंदिर फरसगांव के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

 प्रतिभागियों ने नृत्य, गायन, नाटक, भाषण, कविता वाचन और वाद्य-यंत्र वादन के माध्यम से साइबर जागरूकता पर प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम के दौरान डिजिटल अरेस्ट, लॉटरी/इनाम के झांसे, नौकरी व ट्रेडिंग के नाम पर धोखाधड़ी, सेक्सटॉर्सन, म्यूल सिम और फर्जी खातों के संबंध में जानकारी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने ओटीपी साझा न करने, अज्ञात लिंक/एप्स से बचने, अनजान वीडियो कॉल स्वीकार न करने और साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा निकटतम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों एवं विद्यार्थियों ने साइबर अपराधों से सतर्क रहने की शपथ ली तथा क्यूआर कोड स्कैन कर सेल्फी फ्रेम गतिविधियों में भाग लिया।

कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा, एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय, एसडीओपी केशकाल अरुण नेताम, डीएसपी मुख्यालय स्निग्धा सलामे, थाना प्रभारी चंद्रशेखर श्रीवास एवं बड़े डोंगर थाना प्रभारी राजकुमार सोरी द्वारा प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र व पुरस्कार वितरित किए गए।


अन्य पोस्ट