कोण्डागांव
कोंडागांव, 14 सितंबर। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना च्योता भोजन के तहत जिले के बुनागाँव में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। संकुल समन्वयक धरम देवांगन ने अपने जन्मदिन पर जनपद प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शाला बुनागाँव के स्कूली बच्चों और शाला परिवार को एक शानदार और गुणवत्तापूर्ण न्योता भोजन कराया।
यह आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान एवं जिला मिशन समन्वयक ईमल बघेल के निर्देशन तथा विकास खंड शिक्षा अधिकारी जगमोहन भोयर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। गौरतलब है कि जिले के सभी स्कूलों और छात्रावासों में प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत पूरक पोषण आहार के रूप में बच्चों को हर महीने किसी न किसी अवसर पर न्योता भोजन कराया जा रहा है, जिसमें शिक्षक, अभिभावक और जनप्रतिनिधि बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं।
इसी कड़ी में संकुल समन्वयक धरम देवांगन द्वारा अपने जन्मदिन पर बच्चों को पूर्ण न्योता भोजन के तहत मटर-पनीर, चिकन, दाल और मिष्ठान जैसी स्वादिष्ट सामग्रियां परोसी गईं। भोजन से पूर्व उन्होंने बच्चों के साथ मिलकर केक भी काटा। इस स्वादिष्ट और पौष्टिक आहार को पाकर स्कूली बच्चों के चेहरे खिल उठे।इस अवसर पर धरम देवांगन ने बताया कि यह पहल समुदाय को स्कूल से जोडऩे के साथ-साथ बच्चों की विद्यालय में उपस्थिति बढ़ाने और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित रखने में बेहद कारगर साबित हो रही है।
उन्होंने यह भी साझा किया कि संकुल बुनागाँव के अंतर्गत आने वाले सभी विद्यालयों में नियमित रूप से न्योता भोजन का आयोजन किया जा रहा है।
इस पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिका शकुंतला यादव, रूपेश कल्लो, प्रदीप नाग, मोनिका साहू और सूरज नेताम का विशेष और सराहनीय सहयोग रहा।