कोण्डागांव

बड़ेकनेरा स्कूल में आत्महत्या रोकथाम जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
14-Sep-2026 9:13 PM
बड़ेकनेरा स्कूल में आत्महत्या रोकथाम जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 14 सितंबर। विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर जिले में 7 से 12 सितंबर तक आत्महत्या रोकथाम जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 11 सितंबर को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़ेकनेरा में आत्महत्या रोकथाम एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आत्महत्या के लक्षण, संभावित कारण, रोकथाम के उपाय और आत्महत्या के जोखिम कारकों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। मानसिक स्वास्थ्य टीम ने विद्यार्थियों को मानसिक परेशानियों को पहचानने, समय पर सहायता लेने तथा जरूरतमंद व्यक्ति से बातचीत कर उसे सहयोग देने के महत्व के बारे में जागरूक किया।

इस दौरान क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट मधु बघेल, साइकेट्रिक नर्स दिव्यांशु चौधरी एवं साइकेट्रिक सोशल वर्कर वीरेंद्र केला ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

इस वर्ष आत्महत्या रोकथाम जागरूकता की थीम  “Changing the Narrative on Suicide” (Call to Action: Start the Conversation) रखी गई है। कार्यक्रम का उद्देश्य आत्महत्या जैसे संवेदनशील विषय को लेकर समाज में खुलकर बातचीत को बढ़ावा देना और जरूरतमंद लोगों तक समय पर मानसिक स्वास्थ्य सहायता पहुंचाना रहा।


अन्य पोस्ट