कोण्डागांव

नशे और मोबाइल से दूर रहने विद्यार्थियों ने लिया संकल्प
13-Sep-2026 10:48 PM
नशे और मोबाइल से दूर रहने विद्यार्थियों ने लिया संकल्प

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 13 सितंबर। अखिल विश्व गायत्री परिवार बड़ेराजपुर के तत्वावधान में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बाँसकोट में नशामुक्त भारत अभियान के तहत एक दिवसीय नशामुक्ति एवं जीवन प्रबंधन कार्यशाला ने आयोजित की गई। इस कार्यशाला में शंभू चांदेकर ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, मोबाइल की बढ़ती लत और जीवन प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में गायत्री परिवार के प्रतिनिधियों ने गुटखा, बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू, खैनी, गांजा एवं शराब जैसे नशीले पदार्थों के स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन पर पडऩे वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। पोस्टर एवं समाचार पत्रों की कतरनों के माध्यम से नशे से होने वाले नुकसान को समझाते हुए विद्यार्थियों से इससे दूर रहने का आह्वान किया गया।

कार्यशाला में विद्यार्थियों के बीच बढ़ते मोबाइल एवं सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग पर भी चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि घंटों रील्स देखने, ऑनलाइन गेम्स खेलने और सोशल मीडिया में व्यस्त रहने से पढ़ाई, नींद, एकाग्रता और मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। विद्यार्थियों को स्क्रीन टाइम सीमित कर पढ़ाई, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों पर ध्यान देने की सलाह दी गई।

जीवन अनमोल है, आत्महत्या क्यों?

कार्यशाला के दौरान ‘जीवन अनमोल है, फिर आत्महत्या क्यों?’ विषय पर प्रेरणादायी उद्बोधन दिया गया। करीब दो घंटे चले कार्यक्रम में चरित्र निर्माण, राष्ट्रप्रेम, पर्यावरण संरक्षण, माता-पिता का सम्मान और बेहतर करियर निर्माण जैसे विषयों पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया गया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों एवं विद्यालयीन स्टाफ ने नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया।

इस अवसर पर गायत्री परिवार की ओर से विद्यार्थियों एवं संस्था प्रमुख को नशामुक्ति संबंधी साहित्य और सद्विचार प्रेरक पुस्तकें भी वितरित की गईं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार का सराहनीय सहयोग रहा।


अन्य पोस्ट