कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 13 सितंबर। कोंडागांव जिले के करंजी संकुल अंतर्गत स्थित प्राथमिक शाला डोंगरीपारा करंजी के नन्हे छात्र-छात्राओं ने अध्ययन अध्यापन पश्चात छत्तीसगढ़ के पारंपरिक त्योहार पोला को बड़े धूमधाम से मनाया।
इस अवसर पर संस्था में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने रंगोली व अपने हाथों को विभिन्न आकर्षक रंगों से रंगकर एक दूसरे को पोला त्यौहार की बधाई दी।
शिक्षक टी.एंकट राव ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पोला छत्तीसगढ़ का एक पारंपरिक त्योहार है। यह त्योहार कृषि कार्य समाप्त होने के बाद भादो की अमावस्या को मनाया जाता है। इस दिन धान के पौधे में दूध भरता है इसलिए इस दिन कृषकों को खेतों में जाने की मनाही होती है। पोला के दिन बैलों को उनके मालिक सजा कर उनकी पूजा करते हैं, जबकि बच्चे मिट्टी या लकड़ी के बने सुंदर बैलों की पूजा कर उनसे खेलते हैं। इस त्यौहार पर घरों में विशेष व्यंजन के रूप में ठेठरी, खुरमी, चिला और चौ सेला जैसे छत्तीसगढ़ी पकवान बनाए जाते हंै और इन पकवानों को मिट्टी के खिलौनेरूपी बर्तनों में रखकर पूजा की जाती है, जिससे कि अन्न का बर्तन हमेशा भरा रहे।