कोण्डागांव

कोरगांव में पुलिस की पहल, खेलकूद के साथ ग्रामीणों को किया जागरूक
11-Sep-2026 11:16 PM
कोरगांव में पुलिस की पहल, खेलकूद के साथ ग्रामीणों को किया जागरूक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल/कोण्डागांव, 11 सितंबर। केशकाल विधानसभा के दूरस्थ अंचलों में पुलिस की पहुंच बढ़ाने और ग्रामीणों से बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में पुलिस ने एक नई पहल की है। जिले के अंतिम छोर पर बसे ग्राम कोरगांव में दो दिवसीय खेलकूद एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कोंडागांव एसपी पंकज चंद्रा स्वयं शामिल हुए और ग्रामीणों व युवाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं गतिविधियों की जानकारी ली।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय युवाओं के साथ महिलाओं और स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। वहीं ग्रामीणों को जरूरी शासकीय सेवाओं का लाभ पहुंचाने के लिए अलग-अलग विभागों के शिविर भी लगाए गए। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई।

साइबर अपराध के प्रति किया जागरूक

एसपी पंकज चंद्रा ने बताया कि साइबर जागृति अभियान के तहत 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कोरगांव में दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीणों और युवाओं तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना और उन्हें जरूरी जानकारी एवं सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। कार्यक्रम में ग्रामीणों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों और आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।

पहली बार गांव में इतना बड़ा आयोजन

स्थानीय सरपंच और युवाओं ने कार्यक्रम को लेकर खुशी जताई। ग्रामीणों ने कहा कि उनके गांव में पहली बार इस तरह का बड़ा आयोजन हुआ, जिसमें पुलिस अधीक्षक स्वयं शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्हें कानूनी जानकारी देने के साथ-साथ साइबर ठगी से बचने के तरीके बताए गए।

 

ग्रामीणों ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताओं और अन्य गतिविधियों में शामिल होकर उन्हें काफी अच्छा लगा। उन्होंने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर गांव में आयोजित होते रहने चाहिए, जिससे ग्रामीणों और युवाओं को महत्वपूर्ण जानकारियों के साथ जरूरी सुविधाओं का लाभ भी मिल सके। पुलिस की इस पहल को दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस-जनता के बीच विश्वास और संवाद मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


अन्य पोस्ट