कोण्डागांव
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
केशकाल, 11 सितंबर। कोंडागांव जिला प्रभारी सचिव बसव एस. राजू ने शुक्रवार को कोंडागांव जिले का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों एवं निर्माणाधीन शासकीय भवनों का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना भी उनके साथ मौजूद रहीं। प्रभारी सचिव ने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान प्रभारी सचिव ने केशकाल नगर में निर्माणाधीन लाइब्रेरी भवन का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने केशकाल बायपास मार्ग का जायजा लिया और सड़क निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
डीसीएस सर्वे की प्रगति की ली जानकारी
प्रभारी सचिव ने केशकाल में राजस्व विभाग द्वारा संचालित डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जिले में चल रहे सर्वे कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने जामगांव में निर्माणाधीन 132/33 केवी विद्युत सबस्टेशन का अवलोकन किया। उन्होंने सबस्टेशन निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने और अक्टूबर माह तक सबस्टेशन को प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
वीबीजी-रामजी के तहत मुक्तिधाम निर्माण का निरीक्षण
प्रभारी सचिव ने बहीगांव में विकसित भारत जी-रामजी (वीबीजी-रामजी) योजना के अंतर्गत किए जा रहे मुक्तिधाम निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने योजना के तहत जल संरक्षण और पौधारोपण जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने तथा इनका प्रभावी एवं बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, केशकाल एसडीएम आकांक्षा नायक, एसडीओपी अरुण नेताम, तहसीलदार गणेश सिदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।