कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 9 सितंबर। उरंदाबेड़ा पुलिस द्वारा 8 सितंबर को ग्राम आडवाल क्षेत्र में दोपहिया एवं चार पहिया वाहनों की जांच हेतु अभियान चलाया गया। इस दौरान वाहनों के दस्तावेजों तथा यातायात नियमों के पालन का निरीक्षण किया गया।
थाना प्रभारी अखिलेश धीवर के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 28 वाहन चालकों के विरुद्ध चालान काटा गया।
नियम उल्लंघनकर्ता चालकों से कुल 4,400 समन शुल्क वसूल किया गया। कार्रवाई टीम में उप निरीक्षक बुधमल समरथ, आरक्षक जयपाल एक्का, किशोर तथा डीएसएफ जवान प्रीतम ठाकुर शामिल रहे।
थाना प्रभारी अखिलेश धीवर के अनुसार अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराना है। वाहन चालकों को निर्देश दिए गए कि वाहन चलाते समय पंजीयन प्रमाण पत्र, बीमा और ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य रूप से साथ रखें। दोपहिया वाहन पर केवल दो सवारी बैठाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने, चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की हिदायत दी गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे में वाहन चलाने वालों और नियम उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध यह जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।