कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 3 सितंबर। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जामकोटपारा, कोंडागांव में ‘संस्कृत दिवस’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के वरिष्ठ संस्कृत व्याख्याता लेकेश्वर प्रसाद कहार द्वारा किया गया और मार्गदर्शन प्राचार्या रूबी भट्टाचार्य ने किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने संस्कृत भाषा से संबंधित श्लोकोच्चारण, संस्कृत गीत, भाषण एवं नाटिकाओं की प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम के अवसर पर प्राचार्या रूबी भट्टाचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, आधुनिक अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा ग्रहण करने के साथ-साथ अपनी जड़ों और देवभाषा संस्कृत से जुड़े रहना आवश्यक है। यह भाषा बौद्धिक विकास के साथ-साथ जीवन में अनुशासन का मार्ग दिखाती है।
कार्यक्रम के आयोजन में विद्यालय के शिक्षकों की सहभागिता रही।