कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 2 सितंबर। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है, जिससे वे अपनी छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने के साथ परिवार की आवश्यकताओं में भी सहयोग कर पा रही हैं।
रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा महतारी वंदन योजना की राशि जारी किए जाने से प्रदेश की महिलाओं में खुशी का माहौल है। ग्राम बड़ेकनेरा की हितग्राही सावित्री करपाल ने भी समय पर राशि मिलने पर खुशी जाहिर की।
सावित्री करपाल ने बताया कि हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की राशि उनके जैसे गरीब परिवारों के लिए काफी मददगार है। उन्होंने कहा कि यह राशि जरूरत के समय इससे परिवार की कई आवश्यकताओं को पूरा करने में बड़ी सहायता मिलती है। कभी इस राशि का उपयोग खेती-किसानी से जुड़ी जरूरतों में किया जाता है, तो कभी बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में सहयोग मिलता है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि महिलाओं के लिए आर्थिक सहारा बनी है। इससे उन्हें अपनी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।
सावित्री करपाल ने महिलाओं के हित में संचालित इस जनकल्याणकारी योजना के लिए राज्य शासन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन की यह राशि विष्णु भईया की राज्य की बहनों के लिए स्नेह भरा उपहार है। शासन की महतारी वंदन योजना जैसी योजनाएं महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ा रही हैं और परिवार की आर्थिक मजबूती में उनकी भागीदारी सुनिश्चित कर रही हैं।