कोण्डागांव

स्कूल में धूमधाम से मना राष्ट्रीय खेल दिवस
29-Aug-2026 10:16 PM
 स्कूल में धूमधाम से मना  राष्ट्रीय खेल दिवस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 29 अगस्त। प्राथमिक शाला जोन्दरा पदर में 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। बैगलेस डे पर विद्यालय के बच्चों और शिक्षकों ने महान हॉकी जादूगर खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उन्हें याद किया और उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

हेड मास्टर मधु तिवारी ने बच्चों को मेजर ध्यानचंद के प्रेरक जीवन और खेल जगत में उनके ऐतिहासिक योगदान के बारे में विस्तार से बताया।  उन्होंने कहा, खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और विपरीत परिस्थितियों से लडक़र जीतने का जज्बा पैदा करता है। मेजर ध्यानचंद जी का जीवन हमें सिखाता है कि सीमित संसाधनों में भी दृढ़ संकल्प के बल पर देश का नाम पूरे विश्व में रोशन किया जा सकता है।

उन्होंने पालकों और समाज से भी अपील की कि वे बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित करें।

खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन

इस अवसर पर स्कूली बच्चों के लिए विभिन्न खेल जैसे कबड्डी, घण्टी दौड़  प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। मैदान पर बच्चों का खेल कौशल और ऊर्जा देखने लायक थी। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नन्हे खिलाडिय़ों को हेड मास्टर और अतिथियों द्वारा पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया गया। इस दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।


अन्य पोस्ट