कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 29 अगस्त। कोंडागांव जिले के बुनागांव स्थित जनपद प्राथमिक शाला के शिक्षक सूरज नेताम ने रक्षाबंधन के अवसर पर स्कूल की सभी 35 छात्राओं को राखियां और मिठाइयां भेंट कीं।
शिक्षक सूरज नेताम पिछले 15 वर्षों से दीपावली, रक्षाबंधन और अन्य अवसरों पर अपने व्यय से विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री, कपड़े और उपहार प्रदान करते आ रहे हैं। उनका उद्देश्य विद्यार्थियों को विद्यालय आने के लिए प्रेरित करना है।
जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान, जिला मिशन समन्वयक ईमल बघेल और विकास खंड शिक्षा अधिकारी जगमोहन भोयर के निर्देशन में संचालित इस पहल का असर विद्यालय की दर्ज संख्या पर दिखा है। पूर्व पदस्थापना स्थल ग्राम कोकोड़ी के स्कूल में विद्यार्थियों का नामांकन 12 से बढक़र 76 हुआ था। वर्तमान स्कूल बुनागांव में तीन वर्ष पूर्व पदस्थापना के समय कुल दर्ज संख्या 24 थी, जिसमें 10-11 बालिकाएं थीं। बाद के वर्षों में यह संख्या बढक़र 35 और 45 हुई। वर्तमान सत्र में कुल दर्ज संख्या बढक़र 61 हो गई है, जिसमें 35 बालिकाएं शामिल हैं।
शिक्षक के मार्गदर्शन में विद्यालय की छात्राएं नवोदय, एकलव्य, प्रयास और बुनियादी जैसे आवासीय विद्यालयों में चयनित हुई हैं तथा बोर्ड परीक्षाओं में भी स्थान प्राप्त किया है।
शिक्षक सूरज नेताम बालिका शिक्षा और बाल सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए रैलियों और चौपाल सभाओं का आयोजन करते हैं। इसके अंतर्गत वे ‘उत्कृष्ट माता सम्मान’ के माध्यम से उन माताओं को सम्मानित करते हैं जो अपनी बेटियों को शिक्षा दिला रही हैं।
ग्राम सरपंच छबीलाल नेताम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों ने शिक्षक सूरज नेताम के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के प्रसार में सहायक बताया है।