कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 29 अगस्त। रक्षाबंधन के अवसर पर साइबर जागृति अभियान के तहत कोण्डागांव पुलिस द्वारा ग्राम पुंगारपाल में साइबर रक्षा सूत्र कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा, डीएसपी नरेन्द्र पुजारी, डीएसपी सिद्धार्थ बघेल, थाना प्रभारी मणी राजवाड़े एवं रक्षित निरीक्षक मनीष राजपूत सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।
पुंगारपाल के पटेल, सरपंच, पुजारी एवं ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को राखी बांधी। वहीं पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को रक्षा सूत्र बांधकर साइबर सुरक्षा की जानकारी दी। कार्यक्रम में कुल 600 रक्षा सूत्र बांधे गए।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम के पटेल, पुजारी एवं सरपंच को शील्ड दी गई। ग्रामीणों ने पुलिस कर्मियों को उपहार दिए तथा बच्चों को चॉकलेट वितरित की गई। पुलिस अधीक्षक ने बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई के विषय में जानकारी ली।
आयोजन में उपस्थित लगभग 500 ग्रामीणों को ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंकिंग जानकारी साझा न करने, संदिग्ध लिंक से बचने और ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान साइबर जागरूकता से संबंधित क्यूआर कोड के साथ फोटो भी ली गईं। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक भोजन की व्यवस्था की गई।