कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 28 अगस्त। राजस्थान के उदयपुर स्थित सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केंद्र में ‘हमारी सांस्कृतिक विविधता’ विषय पर 12 से 21 अगस्त तक दस दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें देश के 16 राज्यों से 115 शिक्षकों ने सहभागिता की।
कार्यशाला का उद्देश्य भारतीय सांस्कृतिक विविधता, लोक कला एवं परंपराओं से शिक्षकों को परिचित कराना तथा इन्हें विद्यालयीन शिक्षण प्रक्रिया से जोडऩा रहा। कार्यशाला में व्याख्यान, समूह चर्चा, व्यावहारिक गतिविधियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन पर चर्चा की गई।
कार्यशाला में छग की लोक कला एवं संस्कृति की विशेष प्रस्तुति प्रमुख आकर्षण रही। संध्या श्रीवास्तव, व्याख्याता पीएम श्री सेजेस, केशकाल ने छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया।
इस प्रस्तुति में बालोद, बेमेतरा, गरियाबंद, कांकेर, महासमुंद, दुर्ग, धमतरी और रायगढ़ जिलों के शिक्षकों ने भी सहभागिता की। विभिन्न राज्यों की लोक संस्कृतियों के आदान-प्रदान से ‘विविधता में एकता’ की भावना मजबूत हुई। प्रतिभागियों ने आयोजन को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी बताते हुए लोक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई।
छत्तीसगढ़ के प्रतिभागियों ने समग्र शिक्षा राज्य परियोजना कार्यालय की राज्य आयुक्त किरण कौशल, उपसंचालक दिनेश कौशिक, सहायक संचालक मंजुलता साहू एवं सहायक परियोजना अधिकारी राजेश सोनकर के प्रति आभार व्यक्त किया।