कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 28 अगस्त। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत बिहान के माध्यम से जिले की ग्रामीण महिलाएं विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुडक़र आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं। पारंपरिक हुनर और स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए समूह की दीदियां नए-नए उत्पाद तैयार कर अपनी आमदनी बढ़ा रही हैं।
रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर बड़ेराजपुर विकासखंड के महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने कुल्थी, धान और चावल जैसे स्थानीय अनाज से आकर्षक एवं अनोखी राखियां बनाईं। इन राखियों की बिक्री के लिए जनपद मुख्यालय सहित विभिन्न बाजारों में स्टॉल लगाए गए। स्थानीय उत्पादों से तैयार इन राखियों को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिला।
इसी प्रकार केशकाल विकासखंड के संकुल संगठन धनोरा से जुड़े मां शीतला स्व सहायता समूह सहित महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने अनाज, बांस एवं अन्य स्थानीय सामग्रियों से विभिन्न प्रकार की आकर्षक राखियां तैयार कर बाजारों में स्टॉल लगाए। साथ ही कोंडागांव विकासखंड अंतर्गत जीवन ज्योति समूह की महिलाओं द्वारा भी राखी बनाकर बेची गई। राखियों की भी अच्छी मांग रही, जिससे समूह की महिलाओं को अतिरिक्त आमदनी प्राप्त हुई। अब तक राखियों की बिक्री से समूह की महिलाओं को 49 हजार 500 रुपये से अधिक की आमदनी प्राप्त हो चुकी है।
स्थानीय संसाधनों और महिलाओं की रचनात्मकता से तैयार इन राखियों ने न केवल राखी पर्व को आजीविका से जोड़ा, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के लिए त्योहार से पहले अतिरिक्त आय का एक बेहतर अवसर भी उपलब्ध कराया है। बिहान के माध्यम से समूह की दीदियां छोटे-छोटे व्यवसायों को अपनाकर आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं और आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर रही हैं।