कोण्डागांव

सावन तीज मिलन महोत्सव: सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मनोरंजक कार्यक्रमों ने बांधा समां
27-Aug-2026 10:07 PM
सावन तीज मिलन महोत्सव: सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मनोरंजक कार्यक्रमों ने बांधा समां

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 27 अगस्त। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोंडागांव में भव्य सावन तीज मिलन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी, नगर पालिका परिषद कोंडागांव के अध्यक्ष नरपति पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनीता कोर्राम तथा कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना उपस्थित रहीं।

 महोत्सव में महिलाओं एवं युवतियों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में आनंद मेला, फैशन शो, नृत्य, गीत-संगीत, भजन, झूला सहित विभिन्न मनोरंजक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम को आकर्षक एवं यादगार बनाया।

 विधायक  लता उसेंडी ने कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक परिवार की तरह है, जहां सभी बहनें एक साथ बैठकर खुशियां साझा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए नल-जल की व्यवस्था की जा रही है।

विधायक ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है। वहीं, लखपति दीदी पहल के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों से जोडक़र आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में कोंडागांव विकास की दिशा में और तेजी से आगे बढ़ेगा।

नगर पालिका अध्यक्ष  नरपति पटेल ने कहा कि वर्ष में कम से कम एक बार इस तरह के आयोजन आवश्यक हैं, ताकि माताएं और बहनें एक स्थान पर एकत्र होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें तथा आपसी मेल-जोल को बढ़ावा मिले। उन्होंने सावन तीज मिलन महोत्सव के आयोजन की सराहना की।

कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि सावन तीज मिलन समारोह में शामिल होकर उन्हें खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को एक-दूसरे से जुडऩे और अपनी प्रतिभा को सामने लाने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने महिलाओं से नई सोच और नई आशा के साथ आगे बढऩे का आह्वान किया। कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन महिलाओं के हितों की रक्षा तथा उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास करता रहेगा।


अन्य पोस्ट