कोण्डागांव

मंत्री केदार कश्यप के काफिले के वाहन को स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, 4 पुलिस जवान समेत 6 जख्मी
23-Aug-2026 9:52 PM
मंत्री केदार कश्यप के काफिले के वाहन को स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, 4 पुलिस जवान समेत 6 जख्मी

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 23 अगस्त। वन एवं परिवहन मंत्री केदार कश्यप के काफिले में शामिल पुलिस की फॉलो वाहन रविवार दोपहर सडक़ हादसे का शिकार हो गई। हादसे में कोण्डागांव जिला पुलिस के चार जवान, फॉलो वाहन का चालक और टक्कर मारने वाले वाहन का चालक घायल हो गया। घटना में मंत्री केदार कश्यप सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार, परिवहन मंत्री केदार कश्यप रविवार दोपहर अपने गृह निवास फरसागुड़ा से कोण्डागांव में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे थे। इसी दौरान सिटी कोतवाली कोण्डागांव क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 पर घोड़ागांव-जूनावाही के बीच सामने से आ रही स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री के वाहन को साइड से टक्कर मारी। इसके बाद काफिले में पीछे चल रही कार को टक्कर मारते हुए पुलिस की फॉलो वाहन से जा भिड़ी।

हादसे में सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कोण्डागांव जिला पुलिस की महिला आरक्षक नर्मदा मरकाम सहित प्रधान आरक्षक तिलोत्तमा ध्रुव, सुगंतिन उसेंडी, राजेश नेताम और फॉलो वाहन का चालक घायल हुए हैं। वहीं हादसे में टक्कर मारने वाले स्कॉर्पियो वाहन का चालक भी घायल हुआ है।

घटना के बाद मंत्री केदार कश्यप घायलों के साथ तत्काल कोण्डागांव जिला अस्पताल पहुंचे, जहां घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। वहीं स्कॉर्पियो वाहन के घायल चालक को भानपुरी अस्पताल ले जाया गया, जहां मंत्री केदार कश्यप की देखरेख में प्राथमिक उपचार के बाद उसे भी रेफर किया गया है।

हादसे की जानकारी मिलते ही कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, पूर्व विधायक सेवक राम नेताम, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट