कोण्डागांव

एचआईवी व एड्स जागरूकता पर व्याख्यान माला आयोजित
22-Aug-2026 10:55 PM
एचआईवी व एड्स जागरूकता पर व्याख्यान माला आयोजित

शपथ, जागरूकता रैली व मानव श्रृंखला  से दिया बचाव का संदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 22 अगस्त। शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय एवं शासकीय आवासीय आदर्श कन्या महाविद्यालय, कोंडागांव में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में एचआईवी एवं एड्स पर व्याख्यान और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता रैली, मानव श्रृंखला और व्याख्यान के माध्यम से जानकारी प्रसारित की गई।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक शशिभूषण कन्नौजे ने विद्यार्थियों को एचआईवी और एड्स के तकनीकी व चिकित्सकीय पहलुओं से अवगत कराया।

संक्रमण के माध्यम: असुरक्षित शारीरिक संबंध, संक्रमित रक्त का संचरण, संक्रमित सुई या सिरिंज का उपयोग तथा संक्रमित मां से बच्चे में प्रसार।उन्होंने स्पष्ट किया कि हाथ मिलाने, साथ बैठने, भोजन साझा करने, गले मिलने अथवा एक ही कक्षा में अध्ययन करने जैसे सामान्य सामाजिक व्यवहार से यह वायरस नहीं फैलता।

जांच एवं उपचार: समय पर जांच कराने तथा एंटीरेट्रोवायरल उपचार  के नियमित सेवन से संक्रमित व्यक्ति सामान्य जीवन व्यतीत कर सकता है।

व्याख्यान के पश्चात दोनों महाविद्यालयों के विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई तथा मानव श्रृंखला बनाई गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित प्रतिभागियों को एचआईवी/एड्स के प्रति भ्रांतियों को दूर करने और जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय में यह कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम तथा शासकीय आवासीय आदर्श कन्या महाविद्यालय में प्रभारी प्राचार्य डॉ. अलका शुक्ला के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के संचालन में एनएसएस अधिकारी सुश्री शारदा मरकाम और समलेश पोटाई सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकों व कर्मचारियों की सहभागिता रही।


अन्य पोस्ट