कोण्डागांव
कोण्डागांव, 22 अगस्त। कोण्डागांव पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम केंवटी के जंगल में ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे 7 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। मौके से नकद राशि, ताश के पत्ते, मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं।
21 अगस्त को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम केंवटी के जंगल में घेराबंदी की और जुआ खेल रहे 7 आरोपियों उत्तम पटेल, विष्णु दास सोनी, महेश मरकाम, मंगतराम कोर्राम, अर्जुन बघेल, विकास ठाकुर, कमलेश सोनी सभी निवासी कोण्डागांव को रंगे हाथ पकड़ा।
पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे एवं मौके से 7,100 नगद, ताश के 52 पत्ते, 5 मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त 6 दोपहिया वाहन जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 2,01,100/- है।
आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3 के तहत थाना कोण्डागांव में अपराध पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।