कोण्डागांव

सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों का धरना-प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
20-Aug-2026 11:00 AM
सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों का धरना-प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

बेमेतरा सीएमएचओ पर कार्रवाई की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 19  अगस्त। बेमेतरा जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) के खिलाफ शिकायतों की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी संघ ने मंगलवार को जिला मुख्यालय कोण्डागांव में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। संघ के पदाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी डीएनके कॉलोनी मैदान में एकत्रित हुए, जहां प्रदर्शन के बाद रैली निकालकर अनुविभागीय दंडाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा गया। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि दो सप्ताह के भीतर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेश स्तर पर चरणबद्ध आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और काम बंद-कलम बंद आंदोलन जैसे कदम उठाए जा सकते हैं।

संघ ने ज्ञापन के माध्यम से बेमेतरा सीएमएचओ के खिलाफ कर्मचारियों, विशेषकर महिला कर्मचारियों और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा की गई शिकायतों की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। संघ का आरोप है कि अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों के साथ अपमानजनक व्यवहार, मानसिक दबाव, कार्यस्थल पर असहज वातावरण और निर्धारित दायित्वों से अलग कार्य कराने जैसी शिकायतें सामने आई हैं।

संघ ने मांग की है कि जांच पूरी होने तक संबंधित अधिकारी को पद से हटाया जाए या अन्य प्रशासनिक व्यवस्था की जाए, ताकि जांच निष्पक्ष रूप से हो सके। साथ ही महिला कर्मचारियों से जुड़ी शिकायतों की जांच कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित कानून के तहत कराने की मांग रखी गई है। प्रदर्शन के दौरान छत्तीसगढ़ प्रदेश सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी संघ की कोण्डागांव ब्लॉक अध्यक्ष भाग्यश्वरी कोर्राम ने आरोप लगाया कि बेमेतरा जिले के सीएचओ कर्मचारियों को मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कई कर्मचारियों का वेतन लंबित है और बैठकों में अपमानजनक व्यवहार किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।

वहीं एनएचएम कर्मचारी संगठन के जिला कार्यकारी अध्यक्ष कृष्ण कुमार पटेल ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और कार्यस्थल की सुरक्षा को लेकर पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने शासन से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आगे व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

ज्ञापन में संघ ने यह भी मांग की है कि सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों से केवल निर्धारित कार्य दायित्वों के अनुसार कार्य लिया जाए, सभी संवर्गों के साथ समान व्यवहार किया जाए और शिकायतकर्ता कर्मचारियों के खिलाफ किसी भी प्रकार की प्रतिशोधात्मक कार्रवाई नहीं की जाए।


अन्य पोस्ट