कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 19 अगस्त। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़ेबेंदरी ने एक बार फिर विज्ञान के क्षेत्र में अपना लोहा मनवाया। विद्यालय के प्राचार्य संजय ठाकुर के संरक्षण एवं व्याख्याता अंकित गुप्ता एवं दिलीप कश्यप के मार्गदर्शन में विद्यालय की छात्रा मिथिला कोर्राम ने इंस्पायर अवार्ड मानक प्रतियोगिता के राज्य स्तरीय चरण में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर हेतु चयनित होकर विद्यालय, क्षेत्र एवं जिले का गौरव बढ़ाया है।
मिथिला कोर्राम ने अपने अभिनव वैज्ञानिक विचार एवं मॉडल के माध्यम से राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस सफलता में मार्गदर्शक शिक्षक अंकित गुप्ता एवं दिलीप कश्यप का विशेष योगदान रहा। दोनों शिक्षकों ने छात्रा को वैज्ञानिक सोच विकसित करने, मॉडल को बेहतर स्वरूप देने तथा प्रतियोगिता की तैयारी में निरंतर मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन दिया। उनके समर्पण और सकारात्मक मार्गदर्शन ने मिथिला के आत्मविश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विद्यालय के प्राचार्य संजय ठाकुर ने मिथिला कोर्राम एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि मिथिला राष्ट्रीय मंच पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेगी।
उल्लेखनीय है कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़ेबेंदरी के अन्य विद्यार्थियों ने भी पिछले वर्षों में विभिन्न विज्ञान आधारित प्रतियोगिताओं में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। विद्यालय में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मक सोच एवं प्रयोगात्मक शिक्षा को निरंतर बढ़ावा दिया जाता है। शिक्षकों के समर्पित प्रयासों और विद्यार्थियों की प्रतिभा के परिणामस्वरूप विद्यालय प्रत्येक वर्ष विज्ञान के क्षेत्र में नए कीर्तिमान एवं नए बेंचमार्क स्थापित कर रहा है।
मिथिला कोर्राम का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन विद्यालय की इसी गौरवशाली यात्रा की एक और महत्वपूर्ण कड़ी है। विद्यालय परिवार ने मिथिला एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर सफलता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।