कोण्डागांव

श्रावण सोमवार पर गोबरहिन शिवधाम में उमड़े भक्त
17-Aug-2026 10:44 PM
श्रावण सोमवार पर गोबरहिन शिवधाम में उमड़े भक्त

 सांसद भोजराज नाग व मोना सेन ने की पूजा-अर्चना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 17 अगस्त। श्रावण मास के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के पावन संयोग पर केशकाल के सुप्रसिद्ध गोबरहिन शिवधाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से लेकर देर शाम तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे। शिवधाम परिसर दिनभर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा, इस दौरान कांकेर सांसद भोजराज नाग और छत्तीसगढ़ राज्य फि़ल्म विकास निगम अध्यक्ष मोना सेन ने भी गोबराहीन के दिव्य शिवलिंग का दर्शन किए, साथ ही 2 किमी पैदल ही चल कर जोड़ा शिवलिंग का भी दर्शन किये ।

विशेष आकर्षण 80 किलोमीटर दूर सिहावा-सिंगरीऋषि से जल लेकर पैदल कांवड़ यात्रा करते हुए पहुंचे शिवभक्त रहे। बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों ने गोबरहिन पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। कांवड़ यात्रियों के साथ स्थानीय श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। शहर के सभी चौक चौराहों में पुलिस की भी कड़ी सुरक्षा की गई थी ।

सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो देर शाम तक जारी रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को बेलपत्र, दूध, जल सहित विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित की। श्रावण मास में गोबरहिन शिवधाम की विशेष धार्मिक मान्यता होने के कारण प्रत्येक सोमवार यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। तीसरे सोमवार को कांवड़ यात्रियों की मौजूदगी से शिवधाम का माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।

सांसद भोजराज नाग ने की सुख-शांति की कामना

इस अवसर पर कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग भी गोबरहिन शिवधाम पहुंचे और दिव्य शिवलिंग के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

उन्होंने भगवान शिव से क्षेत्र एवं प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मोना सेन ने भी किए भगवान शिव के दर्शन

छत्तीसगढ़ राज्य फि़ल्म विकास निगम अध्यक्ष मोना सेन ने भी गोबरहिन शिवधाम पहुंचकर दिव्य शिवलिंग के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान शिव से प्रदेश में सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने शिवभक्तों और कांवड़ यात्रियों की आस्था को नमन करते हुए श्रावण मास की शुभकामनाएं भी दीं।


अन्य पोस्ट