कोण्डागांव

वंदे मातरम् के अपमान के विरोध में भाजयुमो ने निकाली मशाल रैली, कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन
17-Aug-2026 10:41 PM
वंदे मातरम् के अपमान के विरोध में भाजयुमो ने निकाली मशाल रैली, कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 17 अगस्त। भाजयुमो द्वारा राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के कथित अपमान के विरोध में रविवार को मशाल रैली निकालकर प्रदर्शन किया गया।

कोण्डागांव में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अटल सदन भाजपा कार्यालय में एकत्रित हुए। इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर अटल स्मारक में श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद भारत माता चौक होते हुए कांग्रेस भवन के सामने तक मशाल रैली निकाली गई। कांग्रेस भवन के सामने कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, भाजपा जिलाध्यक्ष सेवकराम नेताम, भाजयुमो जिला अध्यक्ष नागेश देवांगन सहित कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम् का गायन कर विरोध दर्ज कराया।

विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विधायक लता उसेंडी ने कहा कि राष्ट्रगीत और देश के गौरव से जुड़े विषयों पर राजनीति से ऊपर उठकर सम्मान होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं द्वारा वंदे मातरम् के साथ उचित व्यवहार नहीं किया गया, जो दुखद है। विधायक ने कहा कि राष्ट्रगीत देश की आन-बान और शान का प्रतीक है तथा इसके सम्मान के लिए भारतीय जनता पार्टी हमेशा आवाज उठाती रहेगी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट