कोण्डागांव

तिरंगा यात्रा निकालकर स्कूली बच्चों ने दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश
14-Aug-2026 11:23 PM
तिरंगा यात्रा निकालकर स्कूली बच्चों ने दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव,  14 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय अभियान ‘हर घर तिरंगा’ के तहत जनपद प्राथमिक और उच्च प्राथमिक शाला बुनागाँव में एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान , जिला मिशन समन्वयक ईमल बघेल के निर्देशन और विकास खंड शिक्षा अधिकारी जगमोहन भोयर के मार्गदर्शन में इस यात्रा में शाला के नन्हे-मुन्ने बच्चों, शिक्षकों और स्थानीय ग्रामीणों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे बच्चों के चेहरों पर देशभक्ति का अनूठा उत्साह देखने को मिला।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत स्कूल परिसर से भारत माता की पूजा-अर्चना और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद शाला के शिक्षकों के मार्गदर्शन में रैली को रवाना किया गया। बच्चे कतारबद्ध होकर ‘भारत माता की जय’ , ‘वंदे मातरम्’  और ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’  के गगनभेदी नारे लगाते हुए बुनागाँव की प्रमुख गलियों और चौराहों से गुजरे।

ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत

गाँव के भ्रमण के दौरान ग्रामीणों में भी भारी उत्साह देखा गया। स्कूली बच्चों की यह टोली जब गांव की गलियों और मुख्य मार्गों से गुजरी, तो ग्रामीणों ने जगह-जगह खड़े होकर उनका हौसला बढ़ाया।बच्चों की टोली ने ग्रामीणों से अपील की कि वे 15 अगस्त के दिन अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा अवश्य फहराएं और देश की आजादी के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले वीरों को नमन करें।

बच्चों को सिखाया तिरंगे का सम्मान

यात्रा के समापन पर संकुल समन्वयक धरम देवांगन ने बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास और इसके सम्मान के नियमों (फ्लैग कोड) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। शिक्षक सूरज नेताम ने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य बच्चों में बचपन से ही देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है।

रैली को सफल बनाने में शिक्षक रुपेश कल्लो, शकुंतला यादव, प्रदीप नाग, मोनिका साहू का सराहनीय योगदान रहा।


अन्य पोस्ट