कोण्डागांव

केशकाल में विधायक ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
13-Aug-2026 10:22 PM
केशकाल में विधायक ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 13 अगस्त। देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए केशकाल विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम के नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा में 500 से अधिक मोटरसाइकिलों के साथ हजारों की संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ केशकाल बस स्टैंड से हुआ, जो विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से होते हुए अंतिम छोर के ग्राम लंजौड़ा पहुंचकर समाप्त हुई।

 यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए और भारत माता के जयकारों से क्षेत्र गूंज उठा। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों, अधिकारी-कर्मचारियों और स्कूली बच्चों ने पुष्प वर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। बच्चों और ग्रामीणों में भी यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत करते हुए देशभक्ति के नारों के साथ प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

 यात्रा के लंजौड़ा पहुंचने के बाद विशेष सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के लोगों एवं विभिन्न वर्गों के लोगों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने नृत्य और गायन की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। इसके पश्चात तिरंगा यात्रा का समापन हुआ। आयोजन के दौरान क्षेत्र में देशभक्ति, सामाजिक एकजुटता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश देखने को मिला।

इस सम्बंध में विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में केशकाल विधानसभा क्षेत्र में सभी वर्गों और समाज के लोगों, युवाओं, पत्रकारों, अधिकारी- कर्मचारियों, कार्यकर्ताओं तथा माताओं-बहनों की सहभागिता से यह तिरंगा यात्रा निकाली गई।

उन्होंने कहा कि भारत, जो कभी विश्वगुरु हुआ करता था, आज फिर विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के प्रयासों के तहत यह आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि केशकाल विधानसभा क्षेत्र में करीब 45 किलोमीटर लंबी विधानसभा स्तरीय तिरंगा यात्रा आयोजित की गई, जिसमें लोगों का उत्साहपूर्ण सहयोग मिला। यात्रा का समापन लंजौड़ा में आयोजित समारोह के साथ किया गया।


अन्य पोस्ट