कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 13 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत 188वीं वाहिनी सीआरपीएफ द्वारा कोण्डागांव में तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। यह आयोजन कमांडेंट मदन मोहन के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में किया गया।
तिरंगा बाइक रैली वाहिनी मुख्यालय से प्रारंभ होकर राष्ट्रीय राजमार्ग-30, बंधा तालाब पार्क और शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रैली केंद्रीय विद्यालय, सरस्वती शिशु मंदिर, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोण्डागांव, नवोदय विद्यालय तथा कोण्डागांव पीजी कॉलेज पहुंची। इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने रैली का स्वागत किया। कमांडेंट एवं अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को तिरंगा झंडा और उपहार वितरित किए गए।
कमांडेंट मदन मोहन ने बताया कि इस बाइक रैली का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति जागरूक करना और अपने-अपने भवनों पर तिरंगा फहराने हेतु प्रोत्साहित करना है। उन्होंने रैली में शामिल नागरिकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस कार्यक्रम में 188वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी नीतीन्द्रनाथ, उप कमांडेंट दीपक सिंह, उप कमांडेंट मुकेश, चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल चंद्रन आर.पी., वाहिनी के अधीनस्थ अधिकारी, जवान, शिक्षक तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।