कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 7 अगस्त। नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने कोण्डागांव जिले के मर्दापाल क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने ग्राम पंचायत रेंगागोंदी, आदनार और चेमा पहुंचकर लगातार बारिश और बाढ़ से प्रभावित लोगों की समस्याएं सुनीं।
ग्रामीणों ने पूर्व विधायक को बताया कि लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे कई गांवों का मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। सडक़ और पुल-पुलिया प्रभावित होने से बच्चों का स्कूल जाना, राशन, दवाइयां और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि कई जगहों पर लोगों को जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ रही है, जिससे गर्भवती महिलाओं और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने फसल नुकसान का हवाला देते हुए सरकार से मुआवजा देने और प्रभावित नदी क्षेत्रों में मजबूत तटबंध निर्माण की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सके और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो। इस दौरान पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने ग्रामीणों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मौके पर मर्दापाल ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र कोर्राम, जिला उपाध्यक्ष निलय कश्यप, आदिवासी ब्लॉक अध्यक्ष बबलू बघेल, मयूर नायक, राजेंद्र साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।