कोण्डागांव

विज्ञान और नवाचार से सतत विकास पर जोर
07-Aug-2026 11:02 PM
विज्ञान और नवाचार से सतत विकास पर जोर

एनसीएससी की कार्यशाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 7 अगस्त। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोण्डागांव में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (एनसीएससी) की जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य विषय साइंस एंड इनोवेशन फॉर सस्टेनेबिलिटी रखा गया, जिसमें विज्ञान और नवाचार के माध्यम से सतत विकास के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

कार्यशाला में विद्यार्थियों और शिक्षकों को पांच प्रमुख उप-विषयों पर जानकारी दी गई। इनमें आर-5 फॉर वेस्ट मैनेजमेंट के तहत रिड्यूस, रीयूज, रिट्रीव, रीडिजाइन एवं रिसायकल, ई-4 फॉर एनर्जी के तहत ऊर्जा संरक्षण एवं नवाचार, जल संरक्षण एवं प्रबंधन, फूड, एग्रीकल्चर एंड हेल्थ तथा सतत विकास के लिए भारतीय ज्ञान प्रणाली के अनुप्रयोग जैसे विषय शामिल रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ एसआर नेताम, एमआईएस एडमिनिस्ट्रेटर एवं जिला शिक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि की उपस्थिति में हुआ। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला का संचालन जिला समन्वयक धर्मेंद्र चतुर्वेदी, जिला अकादमिक समन्वयक अंकित गुप्ता एवं शिक्षक राहुल शर्मा द्वारा किया गया।

 समापन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य नरेंद्र नायक ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए विज्ञान एवं नवाचार को शिक्षा से जोडऩे तथा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने पर जोर दिया।


अन्य पोस्ट