कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 4 अगस्त। जिला मुख्यालय कोण्डागांव के पुराने बस स्टैंड में सोमवार को विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने लोस नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद पप्पू यादव का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कोण्डागांव के नाम ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में विश्व हिन्दू परिषद-बजरंग दल ने आरोप लगाया है कि संसद भवन परिसर में पप्पू यादव द्वारा साधु वेश में प्रदर्शन करते हुए सनातन धर्म और भगवान श्रीराम के प्रति आपत्तिजनक व्यवहार किया गया। संगठन ने आरोप लगाया कि इस दौरान भगवान श्रीराम के चित्र का अपमान किया गया, जिससे हिन्दू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और उनके प्रति किसी भी प्रकार का अपमानजनक कृत्य स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसी के विरोध में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे पुराने बस स्टैंड कोण्डागांव में पुतला दहन किया गया।