कोण्डागांव

पटवारियों का सांकेतिक धरना-प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
04-Aug-2026 10:57 PM
पटवारियों का सांकेतिक धरना-प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 4 अगस्त। राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ की जिला इकाई कोण्डागांव के पटवारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित डीएनके मैदान में एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पटवारियों ने लंबित पदोन्नति प्रक्रिया तत्काल शुरू करने, पदोन्नति के लिए समय-सीमा निर्धारित करने, राजस्व निरीक्षक (आरआई) के रिक्त पदों को पटवारियों से पदोन्नति के माध्यम से भरने और वेतन विसंगति दूर करने की मांग को लेकर आवाज बुलंद की। धरना प्रदर्शन के बाद संघ ने मुख्य सचिव छत्तीसगढ़ शासन के नाम कलेक्टर कोण्डागांव के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।

राजस्व पटवारी संघ का कहना है कि लंबे समय से पदोन्नति प्रक्रिया लंबित होने के कारण कई पटवारी पूरी सेवा अवधि एक ही पद पर रहते हुए सेवानिवृत्त हो जा रहे हैं। इससे कर्मचारियों के मनोबल और सेवा हितों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। संघ ने मांग की है कि पटवारियों की पदोन्नति के लिए निश्चित समय-सीमा तय की जाए और राजस्व निरीक्षक के पदों पर सीधी भर्ती की व्यवस्था समाप्त कर सभी रिक्त पद पटवारियों से पदोन्नति के माध्यम से भरे जाएं।

संघ ने पदोन्नति व्यवस्था में 50 प्रतिशत पद वरिष्ठता के आधार पर और 50 प्रतिशत पद विभागीय परीक्षा के माध्यम से भरने की मांग रखी है। साथ ही वेतन निर्धारण में आ रही विसंगतियों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की गई है। संघ के अनुसार एक ही बैच और समान सेवा अवधि वाले पटवारियों के वेतन में काफी अंतर देखने को मिल रहा है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

संघ जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि शासन स्तर पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा और मांगों का समाधान नहीं होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन की स्थिति भी बन सकती है।

महिला पटवारी प्रतिनन्द ने कहा कि कई वरिष्ठ पटवारी ऐसे हैं जिनके सेवानिवृत्त होने में कुछ ही महीने शेष हैं, लेकिन उन्हें अब तक पदोन्नति नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि प्रमोशन कर्मचारियों का अधिकार है और शासन को इस दिशा में जल्द निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने वेतन विसंगति का उदाहरण देते हुए कहा कि एक ही बैच के पटवारियों को अलग-अलग तहसीलों में अलग-अलग वेतन मिल रहा है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष है। उन्होंने यह भी कहा कि हड़ताल के कारण जाति, आय प्रमाण पत्र सहित राजस्व से जुड़े कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं और ग्रामीणों को परेशानी हो रही है।

धरने में शामिल वरिष्ठ पटवारी रामजन दिवान ने अपनी सेवा का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्हें 28 सितंबर 1987 को पटवारी पद मिला था और अब सेवानिवृत्ति में कुछ ही महीने शेष हैं, लेकिन वे उसी पद से रिटायर होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक पदोन्नति का अवसर नहीं मिला और बाद में परीक्षा व्यवस्था में उम्र सीमा जैसी बाधाओं के कारण भी परेशानी हुई। उन्होंने मांग की कि भविष्य में सभी पटवारियों को समय पर पदोन्नति का अवसर मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने वेतन विसंगति को लेकर कहा कि उनसे जूनियर कर्मचारी भी अधिक वेतन प्राप्त कर रहे हैं, जबकि कई बार शिकायत करने के बाद भी समाधान नहीं हुआ है।

राजस्व पटवारी संघ जिला कोण्डागांव के अध्यक्ष विष्णु मरकाम ने कहा कि अन्य विभागों की तरह पटवारियों को भी पदोन्नति का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कई कर्मचारी पटवारी पद पर नियुक्त होकर उसी पद से सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उन्होंने शासन से मांग की कि राजस्व निरीक्षक के रिक्त पदों को 50 प्रतिशत वरिष्ठता और 50 प्रतिशत विभागीय परीक्षा के माध्यम से पटवारियों से भरा जाए तथा आरआई पदों पर सीधी भर्ती बंद की जाए।

 

विष्णु मरकाम ने वेतन विसंगति पर कहा कि एक ही तिथि और एक ही बैच में नियुक्त कर्मचारियों के वेतन में काफी अंतर है। उन्होंने बताया कि कुछ कर्मचारियों के वेतन में हजारों रुपये का अंतर है और कई मामलों में सेवानिवृत्ति के बाद रिकवरी तक की स्थिति बन रही है। उन्होंने कहा कि फरसगांव के एक सेवानिवृत्त पटवारी से करीब 15 लाख रुपये और कोण्डागांव के श्यामलाल पटेल से करीब 7 लाख रुपये की रिकवरी का मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि वेतन निर्धारण की त्रुटि का खामियाजा कर्मचारियों को नहीं भुगतना चाहिए।


अन्य पोस्ट