कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 4 अगस्त। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, जिला प्रशासन कोंडागांव, माय भारत तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग कोंडागांव के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को बड़े कनेरा रोड स्थित ऑडिटोरियम में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने की। इस अवसर पर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं, महाविद्यालयीन विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को जीवन में कभी भी नशा न करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
उल्लेखनीय है कि ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का राष्ट्रीय शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया।
इसी क्रम में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में भी विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संदेश प्रसारित कर सुनाया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष टोमेंद्र ठाकुर, दीपेश अरोरा, जितेन्द्र सुराना आदि उपस्थित रहे।