कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 3 अगस्त। युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाने और समाज को जागरूक करने के लिए जिला कोंडागांव के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जैतपुरी में नशामुक्त विकसित भारत अभियान के तहत एक भव्य जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जन जागरूकता रैली भी निकाली।
कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी ब्रजेश तिवारी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य राजेश पांडेय ने कहा कि नशा न केवल एक व्यक्ति को बल्कि पूरे परिवार और राष्ट्र को खोखला कर देता है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों और देश के विकास में लगाएं।
इसके पश्चात, प्राचार्य राजेश पांडेय के मार्गदर्शन में विद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवकों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों स्टाफ को नशामुक्त भारत की सामूहिक शपथ दिलाई गई। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे न तो स्वयं किसी प्रकार का नशा करेंगे और न ही अपने आस-पास किसी को ऐसा करने देंगे। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने इस अभियान को आगे बढ़ाते हुए समाज के हर वर्ग तक नशाखोरी के खिलाफ चेतना जगाने का जिम्मा उठाया।
इस आयोजन में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उत्साह के साथ सम्मिलित हुए।