कोण्डागांव
कोण्डागांव, 3 अगस्त। शासन-प्रशासन के निर्देशानुसार कलेक्टर जिला कोण्डागांव तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कोण्डागांव के मार्गदर्शन में हमर छत्तीसगढ़ योजना के अंतर्गत जिले के ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों का अध्ययन भ्रमण दल रविवार को रायपुर के लिए रवाना किया गया। इस दल में ग्राम पंचायतों के सरपंच, उपसरपंच एवं पंच सहित कुल 102 प्रतिभागी तथा 05 नोडल अधिकारी शामिल हैं।
अध्ययन भ्रमण दल को बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं विधायक कोण्डागांव लता उसेंडी, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष दीपेश अरोरा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान उप संचालक पंचायत बी.आर. मोरे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कोण्डागांव उत्तम कुमार महोविया, जिला अंकेक्षक आर.एस. कोर्राम तथा अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अध्ययन भ्रमण के दौरान प्रतिभागी 3 एवं 4 अगस्त को ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा (रायपुर) द्वारा आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
भ्रमण के अंतर्गत प्रतिभागियों को नया रायपुर अटल नगर, छत्तीसगढ़ विधानसभा, मंत्रालय , जंगल सफारी, पुरखौती मुक्तांगन, साइंस सेंटर, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, ऊर्जा पार्क एवं आदिवासी संग्रहालय सहित विभिन्न महत्वपूर्ण संस्थानों एवं स्थलों का अवलोकन कराया जाएगा।