कोण्डागांव

स्कूली बच्चों को दी सडक़ सुरक्षा और नियमों की जानकारी
02-Aug-2026 10:53 PM
स्कूली बच्चों को दी सडक़ सुरक्षा और नियमों की जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 2 अगस्त। कोंडागांव जिले के विभिन्न विद्यालयों में नाबालिग छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए यातायात पुलिस कोंडागांव द्वारा एक विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा  के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा व पुलिस अनुविभागीय अधिकारी  रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

इस जागरूकता अभियान के तहत यातायात पुलिस की टीम ने बालक हायर सेकेंडरी स्कूल कोंडागांव, स्वामी आत्मानंद स्कूल तहसील पारा, स्वामी आत्मानंद स्कूल जामकोट पारा, कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल कोंडागांव तथा चावरा हायर सेकेंडरी स्कूल कोंडागांव का दौरा किया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने और सडक़ सुरक्षा के विभिन्न नियमों की विस्तृत जानकारी दी।

जागरूकता सत्र के दौरान नाबालिग विद्यार्थियों को स्पष्ट किया गया कि बिना वैध लाइसेंस के मोटरसाइकिल या स्कूटी चलाना कानूनी अपराध है। पुलिस ने चेतावनी दी कि मोटर यान अधिनियम के प्रावधानों के तहत नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर उनके अभिभावकों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।

यातायात पुलिस ने सभी संबंधित विद्यालय प्रबंधनों से अपील की है कि वे अपने संस्थानों में अध्ययनरत नाबालिग छात्र-छात्राओं को बिना लाइसेंस वाहन न चलाने के लिए प्रेरित करें और परिसर में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने में सहयोग दें।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इसके साथ ही नियम उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट