कोण्डागांव

सर्व आदिवासी समाज में गुटबाजी खत्म, नए कार्यवाहक पदाधिकारियों का मनोनयन
28-Jul-2026 2:55 PM
सर्व आदिवासी समाज में गुटबाजी खत्म, नए कार्यवाहक पदाधिकारियों का मनोनयन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 28 जुलाई। सर्व आदिवासी समाज कोंडागांव में पिछले तीन वर्षों से जारी गुटबाजी पर सहमति बन गई है। 25 जुलाई को सर्व आदिवासी भवन में आयोजित बैठक में 12 जनजातीय समाजों के जिलाध्यक्षों, पदाधिकारियों और सातों ब्लॉक के अध्यक्षों की उपस्थिति में दोनों पक्षों का विलय करने का निर्णय लिया गया।

बताया गया कि जिले में पिछले तीन वर्षों से सर्व आदिवासी समाज दो अलग-अलग अध्यक्षों के नेतृत्व में कार्य कर रहा था। ब्लॉक अध्यक्षों, जिलाध्यक्षों और युवा प्रतिनिधियों की पहल पर दोनों पक्षों के बीच लिखित सहमति बनी।

संगठन में एकजुटता कायम रखने के उद्देश्य से कार्यवाहक पदाधिकारियों का मनोनयन किया गया है- कार्यवाहक अध्यक्ष- गणेश राम दुग्गा, कार्यवाहक सचिव- रूपसिंह सलाम, युवा प्रभाग जिलाध्यक्ष- धन्नू सलाम, युवा प्रकोष्ठ संरक्षक- यतिंद्र (छोटू) सलाम। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस पूरे जिले में संयुक्त रूप से आयोजित किया जाएगा। इसके उपरांत समाज की सहमति से कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा।

इस बैठक में जिले के विभिन्न जनजातीय समाजों के प्रमुख, सातों ब्लॉक के अध्यक्ष तथा युवा प्रतिनिधि उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट