कोण्डागांव

लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुने गए बाल संसद के नेता
25-Jul-2026 10:29 PM
लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुने  गए बाल संसद के नेता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 25 जुलाई। जिला कोंडागांव अंतर्गत विकास खंड माकड़ी के  शासकीय उच्च प्राथमिक शाला डोंगरीगुड़ा, बिंजोली में 21 जुलाई को बाल संसद का चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया में विद्यार्थियों ने बढ़-चढक़र भाग लिया तथा लोकतंत्र की मूल भावना को समझते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सभी पदों के लिए विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ नामांकन प्रस्तुत किया और अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया।

संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया शिक्षकों संतोष पोर्ते, वेद प्रकाश कवर, रविंद्र करचाम, रमाकांत मांझी एवं संदीप तिर्की की निगरानी में निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवचयनित बाल नेताओं में शिक्षा मंत्री, पर्यावरण मंत्री,खेल मंत्री,स्वास्थ्य मंत्री ,संस्कृति मंत्री ने अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करने की शपथ ली। शिक्षकों ने बताया कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व, अनुशासन तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का विकास होता है।

चुनाव के दौरान शाला के बाल प्रधानमंत्री के लिए राजकुमार एवं कु. पद्मावती को समान मत प्राप्त हुए। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ग्राम सरपंच  चंदूलाल बघेल द्वारा टॉस कराया गया, जिसमें कुमारी पद्मावती विजयी घोषित किया गया।

इस अवसर पर संकुल समन्वयक श्री विशंभर बघेल, प्रधान अध्यापक श्री भोलानाथ सूर्यवंशी, शिक्षक सुदामा नाग एवं राम किशोर पटेल, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री चेतूराम पोयम, रंजीत बघेल, पंच सोनबारू बघेल, हिरादाई कश्यप, दिनेश बघेल तथा बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे।

 प्रधान अध्यापक भोलानाथ सूर्यवंशी एवं विद्यालय परिवार ने सभी निर्वाचित बाल प्रतिनिधियों को शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि वे विद्यालय के विकास, अनुशासन एवं विद्यार्थियों के हित में सक्रिय भूमिका निभाते हुए एक आदर्श नेतृत्व प्रस्तुत करेंगे।


अन्य पोस्ट