कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 22 जुलाई। भारत के लौह पुरुष एवं राष्ट्रीय एकता के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर थाना केशकाल पुलिस द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, केशकाल में रंगोली, चित्रकला एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
यह आयोजन पुलिस अधीक्षक कोंडागांव पंकज चंद्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केशकाल अरुण नेताम के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर एसडीओपी अरुण नेताम, थाना प्रभारी विकास बघेल, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, प्रधान आरक्षक ईश्वर नेताम, महिला प्रधान आरक्षक महेश्वरी शांडिल्य, आरक्षक दीपक ध्रुव, मनोहर निषाद एवं अजय सलाम सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष बिहारी लाल शोरी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजकिशोर राठी, हिड़मो कुंजाम, राजकुमारी, पार्षद भूपेश चंद्राकर, पत्रकार कृष्णदत्त उपाध्याय एवं विद्यालय के प्राचार्य राकेश विश्वकर्मा सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में रचनात्मक सोच, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं।
केशकाल पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों एवं आमजन के लिए इसी प्रकार के जन-जागरूकता एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि समाज और पुलिस के बीच विश्वास, सहयोग एवं सहभागिता को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
प्रतियोगिता में निबंध लेखन में शालिनी निर्मलकर, चित्रकला में प्रतिज्ञा मंडावी तथा रंगोली में नादिया एवं मालती ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं के साथ प्रतियोगिता में शामिल प्रत्येक प्रतिभागी को पुलिस अधीक्षक कोंडागांव द्वारा जारी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
थाना प्रभारी विकास बघेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।