कोण्डागांव
बढ़ी कीमत और बाहरी आवक से फीका पड़ा आकर्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 21 जुलाई। बस्तर की पहचान मानी जाने वाली मौसमी वन उपज बोड़ा साग का आकर्षण इस वर्ष कोंडागांव में काफी कम दिखाई दे रहा है। हर साल मानसून शुरू होते ही स्थानीय बाजारों में बोड़ा खरीदने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ती थी और इसकी कीमत 800 से 1000 रुपये प्रति किलो तक पहुंच जाती थी। बस्तर के बोड़ा की मांग अन्य जिलों में भी रहती है।
हालांकि इस वर्ष स्थिति बदली हुई है। व्यापारियों के अनुसार गरियाबंद जिले सहित अन्य क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में बोड़ा बाजार में पहुंच रहा है। वहीं बस्तर के बोड़ा के नाम पर बाहरी बोड़ा बेचे जाने, कालाबाजारी और कुछ स्थानों पर दुर्गंधयुक्त बोड़ा मिलने की शिकायतों ने उपभोक्ताओं का भरोसा कम कर दिया है। समाचार माध्यमों में भी बाहरी आवक की खबरें सामने आने के बाद लोगों की दिलचस्पी पहले जैसी नहीं रही।
स्थानीय लोगों का कहना है कि असली बस्तर बोड़ा की पहचान करना अब मुश्किल हो गया है, जिसके कारण वे इसे खरीदने से बच रहे हैं। इसका असर बाजार की मांग पर भी साफ दिखाई दे रहा है।
व्यापारियों का मानना है कि यदि असली स्थानीय बोड़ा की पहचान और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए तो इसकी मांग फिर से बढ़ सकती है।