कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 20 जुलाई। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने गुरुवार को जल संसाधन विभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन नवीन शासकीय कार्यालय भवनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कोण्डागांव में निर्माणाधीन लघु जल संसाधन सर्वे उपसंभाग कार्यालय भवन और जल संसाधन उपसंभाग कार्यालय भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा आवश्यक सुधार करते हुए कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को दिए।
निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता आरएल धीवर, उप अभियंता वर्षा जैन और संबंधित ठेकेदार मौजूद रहे। इसके बाद कलेक्टर ने एनसीसी मैदान के पास स्थित शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय तथा बंधापारा स्थित प्राथमिक शाला और आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बंधापारा स्कूल में चल रहे मरम्मत कार्यों की जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करने और विद्यालय में आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए।