कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 18 जुलाई। कोंडागांव थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी को शादी का झांसा देकर रेप का मामला सामने आया है। आरोपी के इस कृत्य के कारण पीडि़ता अब सात माह की गर्भवती है। पुलिस ने शिकायत के 24 घंटे के भीतर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पीडि़ता के परिजनों ने कोंडागांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि करंजी निवासी राजवीर पोयाम ने उनकी नाबालिग बेटी को शादी का झांसा दिया। इस झांसे में लेकर आरोपी ने पीडि़ता का लंबे समय तक शारीरिक शोषण किया, जिसके परिणामस्वरूप किशोरी सात माह की गर्भवती हो गई।
मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस टीम पूरी तरह सक्रिय हो गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी राजवीर पोयाम को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।