कोण्डागांव

राम मंदिर चंदा चोरी, कांग्रेस का भाजपा पर हमला
17-Jul-2026 10:47 PM
राम मंदिर चंदा चोरी, कांग्रेस का भाजपा पर हमला

पूर्व विधायक ने उठाए सवाल, स्वतंत्र जांच की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 17 जुलाई। अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा है। गुरुवार को जगदलपुर के पूर्व विधायक रेखचंद जैन कोण्डागांव पहुंचे और पुराने विश्रामगृह में पत्रकार वार्ता कर इस मामले में कई सवाल उठाए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए भाजपा पर आस्था के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया।

रेखचंद जैन ने कहा कि भगवान राम करोड़ों लोगों की आस्था और विश्वास के प्रतीक हैं। देशभर के श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार राम मंदिर निर्माण के लिए योगदान दिया, लेकिन अब चंदे और चढ़ावे से जुड़े आरोपों ने लोगों के मन में सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े मामले में पारदर्शिता को लेकर कई सवाल उठे हैं। उन्होंने कहा कि यदि व्यवस्था में सब कुछ सही था तो पदाधिकारियों के इस्तीफे और जांच की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने ट्रस्ट के कामकाज, चंदे और चढ़ावे के हिसाब-किताब का फॉरेंसिक ऑडिट कराने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार को इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। कांग्रेस ने मांग की है कि मामले से जुड़े सभी जिम्मेदार लोगों की जांच हो और दोषियों पर कार्रवाई की जाए। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस की ओर से राम मंदिर चंदा और चढ़ावे से जुड़े आरोपों को लेकर कई सवाल उठाए गए।


अन्य पोस्ट