कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 17 जुलाई। वनमंडल केशकाल में वन कर्मचारी संघ के तत्वावधान में पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में स्टार अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में वनपाल (फॉरेस्टर) से उप वन क्षेत्रपाल (डिप्टी रेंजर) तथा वनरक्षक से फॉरेस्टर पद पर पदोन्नत कर्मचारियों को वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) दिव्या गौतम एवं उपवनमंडलाधिकारी सुषमा जे. नेताम ने स्टार अलंकरण कर नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं वन कर्मचारी संघ के सदस्यों ने तालियों की गडग़ड़ाहट के बीच सभी पदोन्नत कर्मचारियों का स्वागत और अभिनंदन किया।
इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी दिव्या गौतम ने कहा कि हर कर्मचारी को पदोन्नति का लंबे समय तक इंतजार रहता है। यह सम्मान मेहनत, लगन और ईमानदारी से किए गए कार्यों का परिणाम होता है। लेकिन पदोन्नति केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों का विस्तार भी है। अब आप सभी पर पहले से अधिक कार्यभार और जवाबदेही होगी। इसलिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और बेझिझक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। विभाग को आप सभी से बेहतर कार्य की अपेक्षा है।
इन कर्मचारियों का हुआ स्टार अलंकरण
वनपाल (फॉरेस्टर) से उप वन क्षेत्रपाल (डिप्टी रेंजर) पद पर पदोन्नत: फूलबत्ती कोडोपी, परसराम मरकाम, शालिनी ध्रुव, मंगली मरकाम। वहीं वनरक्षक से फॉरेस्टर पद पर पदोन्नत: सरिता मरकाम, किसन सिंह, बृजलाल नेताम, भूपेन्द्र कुमार नाग, बुधचंद मरकाम।
कार्यक्रम में वनमंडल के सभी वन परिक्षेत्र अधिकारी मिर्जा फिरोज बेग, रेंजर कृष्णा नेताम, रेंजर शुभम पांडे, रेंजर युगेंद्र समुंद समेत वनमंडल कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी, लिपिकगण तथा वन कर्मचारी संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।