कोण्डागांव
कोण्डागांव, 17 जुलाई। अनंतपुर पुलिस द्वारा ग्राम अनंतपुर हायर सेकेंडरी स्कूल में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों और शिक्षकों को देश के नए कानूनों, यातायात नियमों, साइबर अपराध से बचाव, नशा मुक्ति और महिला सुरक्षा संबंधी ‘अभिव्यक्ति’ ऐप की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में उपस्थित छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को देश में लागू नए कानूनों—भारतीय न्याय संहिता , भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के संबंध में जानकारी देकर जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को महिला व बाल अपराधों की रोकथाम, आत्मरक्षा और सुरक्षा के लिए बनाए गए ‘अभिव्यक्ति’ ऐप के बारे में बताया। इसके साथ ही साइबर ठगी से बचने के तरीके साझा किए गए, जैसे- किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी (ह्रञ्जक्क) साझा न करना। अज्ञात नंबरों से व्हाट्सएप वीडियो कॉलिंग रिसीव न करना। लॉटरी या इनाम के झांसे में न आना। साइबर ठगी होने पर तत्काल टोल-फ्री नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराना।
कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करते हुए इससे दूर रहने की समझाइश दी गई। इसके साथ ही सडक़ सुरक्षा को लेकर यातायात नियमों की जानकारी दी गई, जिसमें वाहन चलाते समय आवश्यक दस्तावेज (लाइसेंस, आरसी बुक, इंश्योरेंस, प्रदूषण पत्र) साथ रखने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील की गई।
यह जागरूकता कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन, उप पुलिस अधीक्षक स्निग्धा सिंह के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी गोपेन्द्र पटेल के नेतृत्व में संपन्न हुआ।