कोण्डागांव

बुनागाँव में संकुल स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव
14-Jul-2026 10:06 PM
बुनागाँव में संकुल स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव

कोंडागांव, 14 जुलाई। जिला कोंडागांव के अंतर्गत ग्राम बुनागाँव में संकुल स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान एवं जिला मिशन समन्वयक ईमल बघेल के निर्देशन तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी जगमोहन भोयर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में संकुल के अंतर्गत आने वाली 9 शालाओं के नव-प्रवेशी छात्र-छात्राएं, अभिभावक, जनप्रतिनिधि और शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य कुंती कोर्राम उपस्थित थीं। अध्यक्षता स्थानीय सरपंच छबी लाल नेताम ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं वर्तमान सांसद प्रतिनिधि खेमचंद नेताम और शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विरेंद्र मंडावी उपस्थित रहे। अतिथियों ने नव-प्रवेशी बच्चों का तिलक वंदन कर, मुंह मीठा कराकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके साथ ही छात्रों को शासन की ओर से निशुल्क गणवेश (यूनिफॉर्म) और पाठ्य-पुस्तकों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान संकुल प्राचार्य मिनी डेनियल ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें संकुल के अंतर्गत संचालित स्कूलों की उपलब्धियों और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर हायर सेकेंडरी स्कूल बुनागाँव की कक्षा 9वीं की 40 छात्राओं को राज्य सरकार की सरस्वती साइकिल योजना के तहत अतिथियों द्वारा निशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कुंती कोर्राम ने सभी बच्चों से लगन के साथ पढ़ाई करने और अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से शाला भेजने का आग्रह किया।

विशिष्ट अतिथि और सांसद प्रतिनिधि खेमचंद नेताम ने कहा, बच्चे कल के राष्ट्र निर्माता हैं। उन्हें अच्छी शिक्षा देकर एक बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर करना और एक सफल इंसान बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों को बेहतर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

संकुल समन्वयक धरम देवांगन ने स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों को दी जाने वाली विभिन्न निशुल्क शैक्षणिक सुविधाओं, छात्रवृत्तियों और गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर स्थानीय पंच पप्पू नेताम, हेमबती सोरी, रोशनी नेताम, तुला नेताम सहित प्रधान अध्यापक किरण नाग, वाइस प्रिंसिपल मानिक सुकदेवे, संकुल के शिक्षक-शिक्षिकाएं, नव-प्रवेशी बच्चे, उनके अभिभावक और शाला प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट