कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 13 जुलाई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में विभागीय कार्यक्रमों और दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देने के साथ-साथ सिरहा-गुनिया सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में इस कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। विभाग के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक तौर-तरीकों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं से जोडऩा है, ताकि ग्रामीण अंचल के नागरिकों की सेहत की जानकारी समय पर मिल सके और बीमार व्यक्तियों की ट्रैकिंग की जा सके।
इसी क्रम में 11 जुलाई को कोंडागांव विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बूनागांव सेक्टर के आश्रित ग्रामों के सिरहा-गुनिया का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बूनागांव के पुजारी सहित मडगांव, तोड़म, चलका, पाला, मालकोट, किबाई और बालेगा जैसे ग्रामीण क्षेत्रों के 22 सिरहा-गुनिया उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ बस्तर की आराध्य देवी माता दंतेश्वरी के छायाचित्र पर पुष्प व धूप अर्पित कर किया गया। इसके बाद सेक्टर प्रभारी डॉ. सोनल ध्रुव, ग्रामीण चिकित्सा सहायक अधिकारी श्वेता देवांगन, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक सरिता पटेल और भूपेश नायक द्वारा श्रीफल देकर सिरहा-गुनिया का सम्मान किया गया।
सम्मान के पश्चात सेक्टर प्रभारी एवं मलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम की जिला नोडल अधिकारी द्वारा विभागीय कार्यक्रमों और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में दूषित जल से उल्टी-दस्त और मच्छरों के बढऩे से डेंगू व मलेरिया के संक्रमण की आशंका बनी रहती है। उन्होंने सिरहा-गुनिया से अपील की कि ऐसे किसी भी लक्षण या मामले की जानकारी मिलने पर वे अपने पारा-टोला की मितानिन या स्वास्थ्य कर्मचारियों को तुरंत सूचित करें।
सेक्टर प्रभारी के अनुसार, बूनागांव सेक्टर के कुछ गांवों में मलेरिया का प्रभाव देखा गया है, जहां जागरूकता बढ़ाए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि सिरहा-गुनिया के सहयोग से इस पर नियंत्रण पाया जा सकता है। इसके अलावा, जिला प्रशासन की पहल पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ के पूर्व स्वास्थ्य टीमों द्वारा भ्रमण कर मौसमी बीमारियों से बचाव की जानकारी और उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
कार्यक्रम में कम उम्र में होने वाले विवाह और पलायन के मुद्दे पर भी बात की गई। स्वास्थ्य टीम ने बताया कि कानूनी रूप से निर्धारित आयु से कम में विवाह होने से शारीरिक विकास अधूरा रहता है, जिससे असुरक्षित गर्भधारण का जोखिम बढ़ जाता है। इसका सीधा प्रभाव युवती और होने वाले शिशु के स्वास्थ्य पर पड़ता है। इस संबंध में उन्होंने जागरूक करते हुए लडक़े की आयु 21 वर्ष और लडक़ी की आयु 18 वर्ष पूर्ण होने के उपरांत ही विवाह कराने की बात कही। उपस्थित सभी सिरहा-गुनिया ने इन प्रयासों में पूर्ण सहयोग देने की बात कही है।
परस्पर सहयोग की अपील
स्वास्थ्य पर्यवेक्षक भूपेश नायक ने उपस्थित सिरहा-गुनिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग और सिरहा-गुनिया एक-दूसरे के पूरक के रूप में कार्य कर सकते हैं। दोनों के मिलकर प्रयास करने से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य स्तर में सुधार लाया जा सकता है। उन्होंने खेती-किसानी के व्यस्त सीजन में भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सभी का धन्यवाद किया।
इस कार्यक्रम में सेक्टर बूनागांव के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर के स्वास्थ्य कर्मचारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का स्टाफ, मितानिन प्रशिक्षक और ग्राम व पारे की मितानिनें उपस्थित रहीं।