कोण्डागांव

शराब पीने की बात पर विवाद, नाराज पत्नी मायके गई, पति ने की खुदकुशी
12-Jul-2026 10:52 PM
शराब पीने की बात पर विवाद, नाराज पत्नी मायके गई, पति ने की खुदकुशी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 12 जुलाई। कोण्डागांव जिले के मर्दापाल अंतर्गत मेंडपाल गांव में शनिवार को पति-पत्नी के बीच शराब पीने की बात को लेकर विवाद हुआ। नाराज पत्नी मायके चली गई। देर शाम पति उसे मनाने पहुंचा, लेकिन वह वापस नहीं लौटी। इसके कुछ ही घंटों बाद पति ने कथित तौर पर अज्ञात जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां रविवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक रंजीत तिग्गा पिता जॉर्ज तिग्गा निवासी मेंडपाल मर्दापाल की पत्नी सावित्री तिग्गा ने बताया कि रंजीत शराब पीने का आदी था। शनिवार को इसी बात को लेकर उसे फटकार लगाई। विवाद इतना बढ़ा कि सावित्री अपने मायके चली गई। शाम करीब सात बजे रंजीत पत्नी को वापस लाने उसके मायके पहुंचा, लेकिन उसने साथ चलने से इनकार कर दिया। परिजनों ने भी उसे समझाकर वापस भेज दिया।

सावित्री के अनुसार रंजीत ने विवाद के दौरान गुस्से में कहा था, तुझे मार दूंगा, नहीं तो मैं खुद मर जाऊंगा। इसके बाद वह वहां से चला गया। अगले दिन सुबह पता चला कि उसने अज्ञात जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया है। परिजन उसे पहले मर्दापाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल कोण्डागांव रेफर किया गया।

जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. प्रशांत मेहता ने बताया कि रंजीत को अत्यंत गंभीर और गैस्पिंग अवस्था में अस्पताल लाया गया था। उपचार शुरू होने के करीब आधे घंटे बाद उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसने रात में अज्ञात जहर का सेवन किया था।

इस घटना ने एक पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। रंजीत अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। कोण्डागांव जिला पुलिस मामले की जांच कर रही है। जहर सेवन के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


अन्य पोस्ट