कोण्डागांव

188 बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट भवेश चौधरी को दी विदाई
12-Jul-2026 10:51 PM
188 बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट भवेश चौधरी को दी विदाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 12 जुलाई। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 188 बटालियन के कमांडेंट भवेश चौधरी को उनके कार्यकाल की समाप्ति पर बटालियन परिवार द्वारा विदाई दी गई। इस अवसर पर उनके कार्यकाल के दौरान सुरक्षा, विकास, नागरिक समन्वय और बटालियन परिसर में किए गए कार्यों को रेखांकित किया गया।

कमांडेंट भवेश चौधरी के नेतृत्व में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा अभियान संचालित किए गए। अभियानों के साथ-साथ स्थानीय जनता से समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से बटालियन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में सिविक एक्शन प्रोग्राम (नागरिक सहायता कार्यक्रम) आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को दैनिक उपयोग की वस्तुएं, स्कूली बच्चों को शैक्षणिक व खेल सामग्री और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। उनके कार्यकाल के दौरान कुछ नक्सलियों ने आत्मसमर्पण भी किया और सुरक्षा बलों द्वारा विस्फोटक सामग्रियां बरामद की गईं।

उनके कार्यकाल के दौरान बस्तर क्षेत्र में तीन महत्वपूर्ण चुनावों का सुरक्षा प्रबंधन किया गया, जिनमें विधानसभा चुनाव - 2023,  लोकसभा चुनाव - 2024, पंचायत चुनाव - 2025 शामिल हैं। इन चुनावों के दौरान प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था और क्षेत्रीय समन्वय के माध्यम से शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराया गया।

अधोसंरचना विकास और छत्तीसगढ़ का प्रथम शहीद स्मारक

कमांडेंट चौधरी के कार्यकाल में बटालियन परिसर के भीतर पक्की सडक़ों, शौचालयों, आधुनिक लाउंज के निर्माण सहित व्यापक वृक्षारोपण और उद्यानों का विकास किया गया। इसके अतिरिक्त, उनके नेतृत्व में कोंडागांव में सीआरपीएफ का छत्तीसगढ़ राज्य का प्रथम ‘शहीद स्मारक’ निर्मित कराया गया, जो राष्ट्र सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों की स्मृति को समर्पित है।


अन्य पोस्ट